NEWS LAHAR REPORTER
सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के परिजनों से की मुलाकात, दुख की घड़ी में हरसंभव साथ देने का दिया भरोसा
जमशेदपुर। मैरीन ड्राइव में हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवाओं की असमय मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है। इस दुखद घटना के बाद शनिवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोनारी निवासी सार्थक अग्रवाल और नमन गुप्ता तथा आदित्यपुर निवासी वंशिका खंडेलवाल के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।
सरयू राय ने शोकाकुल परिवारों से मुलाकात के दौरान हादसे की पूरी जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य रखने की सलाह दी और भरोसा दिलाया कि वह इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि अपनों को खोने का दर्द असहनीय होता है और इस अपूरणीय क्षति की भरपाई किसी भी तरह संभव नहीं है।
विधायक ने तीनों दिवंगत युवाओं की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की।
गौरतलब है कि सरयू राय शुक्रवार देर रात जमशेदपुर लौटे थे। शनिवार को उन्होंने सोनारी और आदित्यपुर पहुंचकर मैरीन ड्राइव हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवाओं के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।
इस दौरान उनके साथ जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा, स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी अशोक गोयल, अनिकेत सिंह सावरकर सहित अन्य लोग मौजूद थे।

