NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : जमशेदपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि मॉल परिसर स्थित यूडीपी रेस्टोरेंट में हथियारबंद हमलावरों ने फायरिंग की, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों में झामुमो नेता डोमिनिक सैमसंग समेत दो अन्य जमीन कारोबारियों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद मॉल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में तीनों घायलों को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल यानी टीएमएच ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
फायरिंग की सूचना मिलते ही कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा और जमशेदपुर के एसएसपी समेत पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और मॉल परिसर में मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग की वजह क्या थी, हमलावर कौन थे और घटना के पीछे का पूरा मामला क्या है। फिलहाल घटना के कारण और हमलावरों की पहचान को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

