NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे स्टेशन के अधीन कार्यरत मजदूरों की समस्याओं को लेकर जौहर झारखंड श्रमिक महासंघ ने संवेदक एवं प्रबंधन के साथ वार्ता की। मजदूरों ने बोनस, वेतन और अन्य देय राशि में कटौती सहित कई समस्याएं यूनियन के समक्ष रखीं।
यूनियन ने संवेदक से बोनस का भुगतान सुनिश्चित करने, वेतन एवं अन्य देय राशि में कटौती रोकने तथा पूर्व में की गई कटौती की जांच कर बकाया भुगतान करने की मांग की। मांगों के समर्थन में मजदूरों ने एक दिवसीय टूल डाउन स्ट्राइक भी किया।
आंदोलन का नेतृत्व यूनियन नेता राजीव पांडेय ने किया। उन्होंने कहा कि मजदूरों की मांगों का 48 घंटे के भीतर समाधान किया जाए। ऐसा नहीं होने पर 11 अक्टूबर के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
राजीव पांडेय ने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा संवेदक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि मजदूरों के अधिकारों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
मौके पर कांग्रेस नेता रंजीत झा, वेद प्रकाश तिवारी, अम्बेश मिश्रा, सुल्तान अहमद, रवि सिंह और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नलिनी सिन्हा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

