NEWS LAHAR REPORTER
सरायकेला-खरसावां। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए परिवहन विभाग का अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान जारी है। उपायुक्त के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी शंकरचार्य सामद के नेतृत्व में आदित्यपुर, गम्हरिया और कांड्रा समेत प्रमुख मार्गों पर जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े 22 भारी वाहनों पर कुल ₹1,44,950 का जुर्माना लगाया गया। विभाग ने वाहन चालकों को सुरक्षित और निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की सख्त हिदायत दी।
परिवहन विभाग के अनुसार, सड़क किनारे भारी वाहनों की पार्किंग से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बढ़ता है। खासकर रात में सड़क किनारे खड़े भारी वाहन अन्य चालकों के लिए बड़ा सुरक्षा जोखिम बन सकते हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

