NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : छठ पर्व के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से उलझना दो युवकों को भारी पड़ सकता है। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के कल्याण नगर चौक पर तेज रफ्तार वाहन रोकने पर दो युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान एक पुलिसकर्मी को गाड़ी से कुचलने की कोशिश भी की गई। वाहन उसके पैर पर चढ़ जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना 15 नवंबर की शाम करीब 5:30 बजे की है। छठ पर्व को देखते हुए कल्याण नगर चौक पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसी दौरान विक्की कुमार सिंह और अभिषेक कुमार तेज रफ्तार से वाहन लेकर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों उनसे उलझ गए। देखते ही देखते मामला हाथापाई और मारपीट तक पहुंच गया।
आरोप है कि युवकों ने एक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की, जबकि दूसरे पुलिसकर्मी पर वाहन चढ़ा दिया। पुलिसकर्मी ने किसी तरह खुद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वाहन उसके पैर पर चढ़ गया। घायल जवान को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया।
घटना की सूचना मिलने पर सीतारामडेरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, तब तक दोनों युवक फरार हो चुके थे। सहायक अवर निरीक्षक संगरास कच्छप के आवेदन पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
दोनों आरोपी ह्यूम पाइप कल्याण नगर के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, एफआईआर दर्ज होने के बाद से दोनों अपने घर से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

