NEWS LAHAR REPORTER
पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच बांटा गया प्रसाद, दोपहर एक बजे से हुआ भव्य भंडारे का आयोजन
गुवा संवाददाता। गुवा में गुजराती समाज की ओर से श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ बाबा जलाराम की पूजा-अर्चना की गई। इस धार्मिक आयोजन में समाज की महिलाओं एवं सदस्यों ने पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बाबा जलाराम की पूजा की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा के समक्ष माथा टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। पूजा-अर्चना के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
पूजा संपन्न होने के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इसके पश्चात दोपहर एक बजे से भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में गुजराती समाज के सदस्यों के अलावा अन्य श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने एक साथ बैठकर भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश भी दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में समाज की महिलाओं ने विशेष योगदान दिया। पूजा-अर्चना से लेकर प्रसाद वितरण और भंडारे की व्यवस्था तक सभी ने मिल-जुलकर अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।
इस अवसर पर नीरा सेठिया, जिगना ठक्कर, मनीषा ठक्कर, गीतांजलि ठक्कर, हिना ठक्कर, सोनिका ठक्कर, अन्नपूर्णा चौबे सहित गुजराती समाज के अनेक सदस्य उपस्थित थे। पूरे आयोजन में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक सौहार्द का सुंदर संगम देखने को मिला।

