News Lahar Reporter
जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित कैनरा बैंक में हुई डकैती के मामले में जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार पांच आरोपियों की तस्वीरें जारी की हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वालों को इनाम देने की घोषणा की है। प्रत्येक फरार अपराधी के बारे में उपयोगी जानकारी देने पर दो लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को पांच अज्ञात अपराधियों ने गोलमुरी स्थित कैनरा बैंक में हथियार के बल पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। वारदात के दौरान अपराधी बैंक से करीब 23 किलोग्राम सोना और 43 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे। इस संबंध में गोलमुरी थाना में कांड संख्या 103/26 दर्ज किया गया है।
मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(2), 311 और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना के बाद पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच टीम का गठन किया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, डकैती में शामिल पांचों आरोपी फिलहाल फरार हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए वे लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं। पुलिस ने अब उनकी तस्वीरें सार्वजनिक कर आम लोगों से भी सहयोग मांगा है।
पांचों पर दो-दो लाख का इनाम
जमशेदपुर पुलिस ने फरार पांचों आरोपियों में से प्रत्येक पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान या उनके ठिकाने से जुड़ी ऐसी सूचना, जिससे उनकी गिरफ्तारी में मदद मिले, देने वाले व्यक्ति को संबंधित आरोपी के लिए दो लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि जारी तस्वीरों में दिख रहे किसी भी आरोपी के बारे में जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इन नंबरों पर दें सूचना
वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम : 9431706480
पुलिस अधीक्षक (नगर), पूर्वी सिंहभूम : 9471190203
पुलिस उपाधीक्षक (नगर) : 9431706483
थाना प्रभारी, गोलमुरी : 9431706494

