जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान राजेंद्र नगर, कुवर सिंह रोड निवासी मनोज कुमार दास उर्फ कल्लू के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से कुल 5.01 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। इस संबंध में थाना प्रभारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी जानकारी दी।
बताया गया कि बुधवार सुबह पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एनएच-33 स्थित सुवर्णरेखा प्रोजेक्ट के आवासीय परिसर के एक जर्जर मकान में कुछ लोग नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सिटी एसपी के निर्देश पर पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।
टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छापेमारी के दौरान मनोज दास को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से ब्राउन शुगर बरामद हुई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

