News Lahar Reporter
पुलिसकर्मियों के परिवारों के साथ गरीब मजदूरों और छोटे दुकानदारों को भी मिलता है इलाज, एंटीवेनम समेत जरूरी दवाओं का लिया जायजा
Jamshedpur : साकची स्थित पुलिस अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने रविवार को अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, मरीजों के बैठने और इलाज की सुविधाओं के साथ चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने दवाओं के स्टॉक और उनके रखरखाव की भी जानकारी ली। खास तौर पर एंटीवेनम सहित जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की गई।
गौरतलब है कि साकची का पुलिस अस्पताल पुलिस लाइन के जवानों और उनके परिवारों के अलावा आसपास के सब्जी विक्रेताओं, ठेला चालकों और मेहनतकश मजदूरों के लिए भी इलाज का सहारा है। ऐसे में अस्पताल में जरूरी दवाओं की उपलब्धता और समय पर चिकित्सा सुविधा मिलना काफी महत्वपूर्ण है।
एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल में आवश्यक दवाओं की कमी नहीं होनी चाहिए। मरीजों को जरूरत के समय दवाइयां उपलब्ध कराने और चिकित्सा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए। इस दौरान यातायात डीएसपी नीरज समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

