जमशेदपुर : झारखंड के विभिन्न जिलों में ज्वेलरी दुकानों को लगातार निशाना बनाए जाने की घटनाओं को लेकर राष्ट्रीय कन्नौजिया सोनहापरिवार (RKSM) ने कड़ी चिंता जताई है। संगठन ने पूर्वी सिंहभूम जिले में ज्वेलरी दुकानों और सोना-चांदी के व्यवसायियों को सुरक्षा देने के लिए विशेष टास्क फोर्स (STF) के गठन की मांग की है।
इस संबंध में RKSM की ओर से वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को एक ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने बताया कि पिछले छह महीनों में झारखंड में ज्वेलरी दुकानों से करीब 17 करोड़ रुपये की लूट की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे राज्य भर के स्वर्ण व्यवसायी भय और असुरक्षा के माहौल में व्यापार करने को मजबूर हैं।
RKSM ने अपने ज्ञापन में कहा है कि ठंड के मौसम में चोरी और लूट की घटनाएं बढ़ जाती हैं, ऐसे में रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता है। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि बीएनएस की धारा 317 के तहत कई बार केवल चोरों के बयान के आधार पर ज्वेलरी दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई कर दी जाती है, जबकि यह स्पष्ट नहीं किया जाता कि व्यापारी ने जानबूझकर चोरी का माल खरीदा है या नहीं। इस प्रक्रिया में सुधार की भी मांग की गई है।
संगठन ने पूर्वी सिंहभूम जिले में पूर्व में हुई चोरी और डकैती की घटनाओं में त्वरित कार्रवाई कर दोषियों की गिरफ्तारी, साथ ही पुलिस पदाधिकारियों और ज्वेलरी व्यापारियों के बीच संयुक्त बैठक आयोजित करने की भी मांग रखी है।
RKSM के महासचिव किशोर कुमार वर्मा और प्रमुख रंजीत कुमार बर्मन ने भरोसा जताया कि जिला पुलिस प्रशासन व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर कदम उठाएगा।

