जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत सागर होटल के पास गुरुवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सुबह करीब चार बजे तेज रफ्तार एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित शराब दुकान में जा घुसी। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि वाहन में सवार चार लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए टीएमएच भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है। मौके से कार के अंदर शराब की बोतलें भी बरामद की गई हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि कार सवार लोग नशे की हालत में थे।
इसी इलाके में नए वर्ष के जश्न के दौरान एक और घटना सामने आई। देर रात करीब 12.30 बजे सागर होटल के समीप सफेद रंग की स्कॉर्पियो (डीएल-8-सीएटी-8087) अनियंत्रित होकर शराब दुकान के बगल की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। गनीमत रही कि उस समय सड़क सुनसान थी, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। फिलहाल वाहन चालक की पहचान और हादसे के समय उसकी स्थिति को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।
नए वर्ष के मौके पर हुई इन घटनाओं ने एक बार फिर जमशेदपुर समेत पूरे झारखंड में सड़क सुरक्षा और नशे में वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे उत्सव के दौरान संयम बरतें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें।

