NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के समीप हाल में हुई हत्या की घटना को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में झारखंड के एडीजी मनोज कौशिक और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में जिला प्रभारी शशिभूषण राय, प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज भोक्ता, जिला कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह, उपाध्यक्ष संजय सिंह आजाद, अंसार खान, आशुतोष कुमार सिंह, फिरोज खान, अमित श्रीवास्तव, नलिनी सिन्हा, लव कुमार निराला, गुरदीप सिंह सोहल, प्रताप यादव, रूबी ठाकुर, शिबु सिंह और रंजीत सिंह सहित कई नेता शामिल थे।
मृतक के परिजनों को सरकारी नौकरी देने की मांग
मांगपत्र में कांग्रेस ने मृत युवक के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए उसकी पत्नी को राज्य सरकार की ओर से तत्काल सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। साथ ही घटना में शामिल सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।
### पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने घटना की गंभीरता की अनदेखी करने वाले संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और सख्त प्रशासनिक कार्रवाई करने की भी मांग की।
डबल डाउन बार और संचालक की जांच की मांग
जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह और जिला प्रभारी शशिभूषण राय ने डबल डाउन बार में संचालित गतिविधियों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि बार के भीतर होने वाले विवादों को रोकने के बजाय बाउंसरों के माध्यम से सड़क तक पहुंचा दिया जाता है, जिससे आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ती है।
कांग्रेस ने बार संचालक मीरत सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी तथा घटना में शामिल बाउंसरों के विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
रात 11 बजे के बाद बार-रेस्टोरेंट बंद कराने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर में रात 11 बजे के बाद सभी बार और रेस्टोरेंट के संचालन पर प्रभावी रोक लगाने तथा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी।
अपराध और नशे के कारोबार पर अभियान चलाने की मांग
जिला कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने कहा कि जमशेदपुर और पूर्वी सिंहभूम में लगातार बढ़ रहे अपराध, असामाजिक तत्वों की सक्रियता तथा मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर में स्थायी शांति और बेहतर कानून-व्यवस्था स्थापित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
प्रशासन ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
एडीजी मनोज कौशिक और एसएसपी पीयूष पांडेय ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुनने के बाद आश्वासन दिया कि प्रत्येक बिंदु पर शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई।

