जमशेदपुर : शहर में एटीएम के पास ठगी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला गोलमुरी थाना क्षेत्र का है, जहां टिनप्लेट चौक स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम के पास एक ठग ने किशोर को झांसा देकर ₹4000 ठग लिए और मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना के बाद पीड़ित किशोर ने गोलमुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पीड़ित किशोर ने बताया कि वह एटीएम से पैसे निकालने गया था। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और उससे कहा कि उसे तत्काल ₹4000 की जरूरत है। युवक ने भरोसा दिलाया कि वह मोबाइल ऐप के जरिए तुरंत ₹4000 ऑनलाइन ट्रांसफर कर देगा और बदले में किशोर एटीएम से नकद निकाल कर उसे दे दे।
शुरुआत में किशोर ने मना किया, लेकिन युवक लगातार जिद करता रहा। इसके बाद युवक ने मोबाइल में ₹4000 ट्रांसफर करने का मैसेज दिखाया, जिससे किशोर उसके झांसे में आ गया।
किशोर ने जैसे ही एटीएम से ₹4000 निकाले, युवक ने पैसे झपट लिए और वहां से भागने लगा। किशोर को जब ठगी का अहसास हुआ तो उसने युवक का पीछा किया और उसकी बाइक रोकने की कोशिश भी की, लेकिन आरोपी बाइक से फरार हो गया।
एटीएम के सामने मौजूद एक दुकान से पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी निकाल लिया है। आसपास के दुकानदारों का कहना है कि इसी तरह की एक और घटना गुरुवार को भी किसी किशोर के साथ हुई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

