NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : शहर के उलीडीह थाना क्षेत्र स्थित शंकोसाई रोड नंबर-4 में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मचारी की मौत हो गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले वृद्ध को एक तेज़ रफ्तार अज्ञात बस ने कुचल दिया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार शंकोसाई रोड नंबर-4 निवासी सुदर्शन शर्मा (75) शनिवार सुबह करीब छह बजे रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय एक अज्ञात बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने इसकी सूचना उनके परिजनों को दी। परिवार के सदस्य तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सुदर्शन शर्मा टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मचारी थे। उनके परिवार में छह बच्चे हैं। उनकी मौत की खबर से परिवार और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलने पर उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात बस और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।

