News Lahar Reporter
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर में वाहनों से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से वाहन मालिक परेशान हैं। शनिवार सुबह सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह में एक वाहन का सीलिंग वायर चोरी होने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज वाहन मालिकों ने विरोध में सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब पांच बजे भुइयांडीह इलाके में एक वाहन से सीलिंग वायर की चोरी कर ली गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद वाहन मालिक एकजुट हो गए और सड़क पर उतरकर विरोध जताया। उनका कहना था कि शहर में लगातार वाहनों को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
आक्रोशित वाहन मालिकों ने गोलमुरी से मानगो बस स्टैंड गोलचक्कर तक सड़क जाम कर दिया। उन्होंने चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और वाहनों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
सड़क जाम होने से इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस से चोरी की घटनाओं की जांच करने, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

