News Lahar Repoter
Jamshedpur : जिउतिया पर्व पर शनिवार को मानगो स्थित स्वर्णरेखा नदी घाट पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब स्नान के दौरान दो बच्चियां नदी में डूब गईं। हादसे की खबर फैलते ही घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं की भीड़ घटनास्थल की ओर जुट गई। इसके अलावा, मानगो ब्रिज के करीब से बचाव कार्य शुरू किया गया। इसके चलते मानगो ब्रिज जाम हो गया। बाद में परिजनों ने मनगो का बड़ा ब्रिज जाम कर दिया। परिजनों की मांग है कि एनडीआरएफ आए और बचाव कार्य शुरू करे। इसी को लेकर जाम किया गया है।
मानगो ब्रिज जाम कर देने से मानगो से लेकर साकची तक भयंकर जाम हो गया है। लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। प्रशासनिक अधिकारी जाम खुलवाने के लिए परिजनों से बात कर रहे हैं।
गौरतलब है कि दोनों बच्चियां नदी में स्नान के दौरान डूबने लगी थीं। लोगों की मदद से एक बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरी बच्ची का अभी तक पता नहीं चल पाया है। उसकी तलाश की जा रही है।
जिउतिया पर्व को लेकर स्वर्णरेखा नदी के घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। बड़ी संख्या में महिलाएं स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंची थीं। इसी बीच हुए हादसे ने पर्व की खुशियों के बीच चिंता का माहौल पैदा कर दिया।
उधर, पर्व के कारण मानगो पुल पर वाहनों का दबाव भी काफी बढ़ गया। शाम करीब सात बजे के बाद पुल पर जाम की स्थिति लगातार गंभीर होती चली गई। इसी बीच परिजनों द्वारा चक्का जाम कर देने से हालात और खराब हो गए हैं।
करीब तीन घंटे से वाहन धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रहे हैं। पुल के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगने से राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मानगो पुल पर सामान्य दिनों में भी जाम की समस्या बनी रहती है। फिलहाल यहां फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि निर्माण पूरा होने के बाद मानगो और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
