NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : बिरसानगर में किराए के मकान में रह रहे एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान निक्की सोए के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक के मित्र के अनुसार, निक्की ने करीब तीन साल पहले रांची की रहने वाली एक युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वह पत्नी के साथ बिरसानगर में किराए के मकान में रहने लगा था। हालांकि, उसके माता-पिता मूल रूप से मानगो के शंकोसाई रोड नंबर-5 के रहने वाले हैं।
बताया गया कि करीब 20-25 दिन पहले किसी बात को लेकर निक्की और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद पत्नी घर छोड़कर बेंगलुरु चली गई। निक्की पत्नी को मनाने और उसे वापस लाने के लिए बेंगलुरु भी गया, लेकिन वह उसके साथ वापस नहीं लौटी।
मित्रों के मुताबिक, पत्नी के वापस नहीं आने के बाद से निक्की काफी परेशान और तनाव में रहने लगा था। इसी बीच उसने अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलने पर बिरसानगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों और युवक की पारिवारिक परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

