NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर। दुर्गापूजा के मद्देनजर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में उत्पाद विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध शराब बनाने के लिए तैयार किए गए भारी मात्रा में जावा महुआ और महुआ चुलाई शराब बरामद की है।
उत्पाद विभाग की कार्रवाई के दौरान करीब 12 हजार किलोग्राम जावा महुआ तथा लगभग 200 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब जब्त की गई। टीम ने अवैध शराब तैयार करने के लिए संचालित किए जा रहे ठिकानों की जांच करते हुए मौके पर मौजूद सामग्री को नष्ट किया और संबंधित स्थानों पर कार्रवाई की।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, दुर्गापूजा के दौरान अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीण एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जहां भी अवैध शराब निर्माण या बिक्री की सूचना मिलेगी, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी। विभाग की टीम द्वारा आगे भी लगातार छापेमारी अभियान जारी रखने की बात कही गई है।
उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की उम्मीद है।

