जमशेदपुर/पूर्वी सिंहभूम : उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में स्वच्छ भारत मिशन तथा जल जीवन मिशन के तहत संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले के प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल की समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करना और स्वच्छता से जुड़ी योजनाओं की भौतिक व वित्तीय प्रगति की समीक्षा करना रहा।
बैठक में नल कनेक्शन की प्रगति, गुणवत्ता नियंत्रण, रुकी हुई योजनाओं में तेजी, जलकर वसूली, जल स्रोतों के पुनर्भरण और जल संरचनाओं की कार्यशीलता पर विशेष चर्चा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि योजनाओं का क्रियान्वयन संतुलित, पारदर्शी और परिणाममुखी हो तथा जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता में रहे।
उन्होंने कहा कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों को नल-जल योजना से जोड़ना प्राथमिक लक्ष्य है। ओडीएफ प्लस के तहत 5-स्टार श्रेणी में गांवों का सत्यापन कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। शौचालय निर्माण और स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने के साथ ही हर घर जल प्रमाणन केवल उन्हीं पंचायतों में किया जाए, जहां जलापूर्ति पूरी तरह सुरक्षित और कार्यशील हो।
निर्माणाधीन या क्षतिग्रस्त संरचनाओं की तत्काल मरम्मत, योजनाओं की जियो-टैगिंग, ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों को हस्तांतरण तथा नियमित फील्ड निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। लापरवाही या निम्न गुणवत्ता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
इसके अलावा प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट, ग्राम स्तर पर अपशिष्ट संग्रहण एवं परिवहन, गोबर गैस प्लांट की स्थिति और आवंटित बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, जिला समन्वयक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
उपायुक्त ने कहा कि विभागीय समन्वय, सतत निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन से ही योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है।

