न्यूज़ लहर रिपोर्टर
जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने टाटानगर रेलवे जंक्शन पर ट्रेनों के लगातार विलंब से पहुंचने को लेकर रेलवे व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पूछा कि आखिर देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाली ट्रेनें समय पर टाटानगर क्यों नहीं पहुंच पा रही हैं।
बुधवार को बिष्टुपुर स्थित अपने आवास पर 7 अप्रैल को प्रस्तावित धरना कार्यक्रम की तैयारी को लेकर आयोजित बैठक में उन्होंने रेलवे की कार्यप्रणाली और रेल समितियों की भूमिका पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि समितियों में शामिल लोग अपनी जिम्मेदारियों का सही तरीके से निर्वहन नहीं कर रहे हैं, जिससे उनकी सक्रियता पर सवाल उठना लाजिमी है।
सरयू राय ने आरोप लगाया कि रेलवे द्वारा मालगाड़ियों को प्राथमिकता देने के कारण यात्री ट्रेनों को बीच रास्ते में रोका जाता है। इससे यात्रियों को घंटों तक परेशान होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि रेलवे का फोकस मुनाफा बढ़ाने पर ज्यादा है, जबकि आम यात्रियों की सुविधाओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।
उन्होंने 7 अप्रैल को टाटानगर रेलवे जंक्शन पर प्रस्तावित धरना को व्यापक बनाने की अपील करते हुए कहा कि इसमें भारतीय जनता पार्टी को भी शामिल किया जाना चाहिए, क्योंकि वे एनडीए के सहयोगी हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि अलग-अलग क्षेत्रों में बैठकें आयोजित कर लोगों को जागरूक किया जाए और सोशल मीडिया के जरिए भी अभियान चलाया जाए।
बैठक का संचालन जनता दल यूनाइटेड के नगर अध्यक्ष अजय कुमार ने किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, कुलविंदर सिंह पन्नू, आफताब अहमद सिद्दिकी, नवीन कुमार, उषा यादव और अंजलि सिंह सहित कई नेताओं ने अपने विचार रखे।
—
टाटानगर में ट्रेनों की देरी पर सरयू राय ने रेलवे और समितियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए धरना की घोषणा की।

