News Lahar Repoter
Jamshedpur : जमशेदपुर में रविवार को उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा के कारण शहर के कई प्रमुख इलाकों में भीषण जाम की स्थिति बन गई। शाम करीब 6 बजे से शुरू हुआ जाम रात 8 बजे तक बना रहा, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मानगो बस स्टैंड गोल चक्कर से लेकर भुइयांडीह रोड, साकची रोड, एमजीएम अस्पताल रोड, मानगो ब्रिज और मानगो चौक तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। हालात ऐसे थे कि वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ रहे थे। जाम में कई एंबुलेंस भी फंस गईं, जिससे मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई।
मानगो चौक स्थित वर्कर्स कॉलेज में भी परीक्षा केंद्र होने के कारण बड़ी संख्या में परीक्षार्थी सड़क पर जमा हो गए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों की भीड़ बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में उमड़ पड़ी, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।
स्थिति और बिगड़ गई जब लोग जाम से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने लगे। छोटे ब्रिज के पास की सड़कों पर अचानक वाहनों का दबाव बढ़ गया, जिससे वहां भी लंबा जाम लग गया। कई जगहों पर वाहन घंटों तक एक ही स्थान पर खड़े रहे और लोगों ने अपने वाहन बंद कर दिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम के दौरान कहीं भी ट्रैफिक पुलिसकर्मी नजर नहीं आए, जिससे जाम की समस्या और गंभीर हो गई।
गौरतलब है कि मानगो को साकची से जोड़ने के लिए स्वर्णरेखा नदी पर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य जारी है, जिसका लगभग 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। उम्मीद जताई जा रही है कि फ्लाईओवर बन जाने के बाद इस क्षेत्र में जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।
—

