जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के वर्चुअल उद्घाटन और राज्य स्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तिकरण शिविर को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में जिला स्तर के विभागीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम सिदगोड़ा टाउन हॉल, जमशेदपुर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे और लाभुकों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभाग की योजनाओं के योग्य लाभुकों की पहचान कर उनकी सूची जल्द उपलब्ध कराएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा सके।
बैठक में कार्यक्रम स्थल की तैयारियों, विभागों के बीच समन्वय, स्टॉल की व्यवस्था, लाभुकों की उपस्थिति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, नजारत उपसमाहर्ता डेविड बलिहार, कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य समद, आपूर्ति पदाधिकारी जुल्फिकार अंसारी, कार्यपालक दंडाधिकारी चंद्रजीत सिंह, डीआईओ एनआईसी किशोर प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

