जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के Adityapur थाना क्षेत्र में किराएदार महिला से दुष्कर्म की कोशिश के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कुख्यात ड्रग पेडलर कादिम खान और उसकी पत्नी डोली परवीन के बेटे अमन खान उर्फ लड्डू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 17 फरवरी की शाम करीब 6 बजे की है। पीड़िता उस समय घर में अकेली थी। इसी दौरान अमन खान जबरन घर में घुस गया और महिला को पकड़कर दुष्कर्म करने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और किसी तरह उसे आरोपी के चंगुल से छुड़ाया।
स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया। आदित्यपुर थाना की पुलिस ने मामले की जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद आवश्यक लिखापढ़ी पूरी कर गुरुवार को आरोपी अमन खान को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।

