NEWS LAHAR REPORTER
राहगीरों और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील, हाथियों के पास जाने और सेल्फी लेने से बचने की सलाह
चाईबासा/सारंडा। पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा वन प्रमंडल क्षेत्र में एक बार फिर जंगली हाथियों की चहलकदमी से लोगों में सतर्कता बढ़ गई है। स्थानीय सूत्रों और ग्रामीणों के अनुसार बाहुबली झरना और वनदुर्गा मंदिर के बीच मुख्य सड़क पर हाथियों का एक झुंड देखा गया है। झुंड में छोटे बच्चे हाथी भी शामिल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार हाथियों का यह झुंड धीरे-धीरे गागदा की ओर बढ़ सकता है। हाथियों की मौजूदगी की सूचना के बाद इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों, बाइक सवारों और पर्यटकों में चिंता है। हालांकि, वन विभाग ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है।
वन विभाग की अपील, इन बातों का रखें ध्यान
- शाम और रात के समय इस मार्ग पर अकेले आवाजाही से बचें।
- हाथियों का झुंड दिखाई देने पर शोर न मचाएं और उन्हें परेशान न करें।
- हाथियों के नजदीक जाकर सेल्फी या वीडियो बनाने की कोशिश न करें।
- जंगल की ओर मवेशियों को खुला न छोड़ें।
- हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर तत्काल वन विभाग या स्थानीय मुखिया को जानकारी दें।
- हाथियों को रास्ता दें और उनके आवागमन में किसी तरह की बाधा न डालें।
सारंडा वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का विचरण सामान्य रूप से होता रहता है। धान की फसल के समय हाथियों के गांवों और आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आने की घटनाएं भी बढ़ जाती हैं। ऐसे में वन विभाग की ओर से ग्रामीणों और राहगीरों को लगातार सतर्क किया जा रहा है।
बाहुबली झरना और वनदुर्गा मंदिर मार्ग से गुजरने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने और हाथियों के झुंड से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
