जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही नशाखोरी और उससे जुड़ी मारपीट की घटनाओं को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। मंगलवार को पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल बिरसानगर थाना पहुंचा और थाना प्रभारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
जदयू के मंडल अध्यक्ष शंकर कर्मकार ने बताया कि क्षेत्र में आए दिन नशाखोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे युवा पीढ़ी तेजी से इसकी चपेट में आ रही है। नशे के कारण मारपीट, झगड़े और हिंसक घटनाएं आम हो गई हैं, जिससे आम लोगों के मन में डर का माहौल बना रहता है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में नशे की वजह से लोगों की जान तक जा चुकी है, वहीं विरोध करने पर खून-खराबे की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी से इलाके में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और नशाखोरी पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की। इस पर थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की जाएगी। रात के समय गश्त बढ़ाई जाएगी और जरूरत पड़ने पर आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।
इस दौरान शंकर कर्मकार, जितेंद्र कुमरा, सरस्वती खामरी, लक्ष्मी सरकार, पियूष ठाकुर, विकास दे, बॉबी कुमारी, अविनाश सिंह, बिरजू साहू समेत कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

