NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में ऑनलाइन भुगतान के जरिए धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। गिरिडीह के एक कारोबारी के बैंक खाते से 10,462 रुपये की अवैध निकासी किए जाने के आरोप में पुलिस ने तीन दुकानदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र स्थित तेतरिया गांव निवासी मानिक कुमार साव का बर्मामाइंस के कुछ दुकानदारों के साथ लंबे समय से व्यापारिक संबंध था। दोनों पक्षों के बीच नियमित रूप से माल का लेन-देन होता था। इसी कारोबारी संबंध का फायदा उठाकर आरोपियों ने कथित रूप से फोनपे (PhonePe) के माध्यम से धोखाधड़ी करते हुए उनके बैंक खाते से 10,462 रुपये निकाल लिए।
पीड़ित मानिक कुमार साव की शिकायत पर बर्मामाइंस थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी एवं बेईमानी की नीयत से बैंक खाते से राशि निकालने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जिन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, वे परसूडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह पोस्ट ऑफिस के पास के निवासी हैं। आरोपियों के नाम करण कुमार प्रसाद, सन्नी प्रसाद और सुखबीर सिंह बताए गए हैं।
बर्मामाइंस थाना पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में फोनपे के माध्यम से धोखाधड़ी किए जाने की बात सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और डिजिटल ट्रांजैक्शन से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

