NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में मोहम्मद आफताब आलम हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मामले के मुख्य आरोपी मोहम्मद समद और कुलसूम बीबी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद मंगलवार को जेल भेज दिया। वहीं, आरोपियों की निशानदेही पर घटना से पहले रेकी में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट वाली नीले और काले रंग की स्कूटी भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, कुलसूम बीबी इस मामले के नामजद आरोपी शाहरुख की पत्नी है। शाहरुख पर ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार में संलिप्त होने का भी आरोप है। इस हत्याकांड में अब तक 11 लोगों को नामजद किया गया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसआईटी ने गुप्त सूचना पर की कार्रवाई
गौरतलब है कि 2 अगस्त की रात रेलवे कंटेनर यार्ड के पास मोहम्मद आफताब आलम पर जानलेवा हमला किया गया था। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बेहतर इलाज के लिए उन्हें कोलकाता ले जाया गया, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), डीएसपी विधि-व्यवस्था और डीएसपी नगर के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मोहम्मद समद और कुलसूम बीबी कैरेज कॉलोनी स्थित एक घर में छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
समद पर पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद समद का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बर्मामाइंस थाना में हत्या के प्रयास, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा बंदगांव थाना में डकैती का एक पुराना मामला भी दर्ज है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरे अभियान में डीएसपी सुमित कुमार, बर्मामाइंस थाना प्रभारी कुमार सरयू आनंद तथा थाना के अन्य पुलिस अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
Aftab Murder Case Jamshedpur, Aftab Murder Case, Burmamines Crime, Mohammad Samad Arrest, Jamshedpur Police, SIT Investigation, Burmamines Firing, Crime News Jharkhand, Jharkhand News, Brown Sugar Network, Railway Container Yard,
जमशेदपुर बर्मामाइंस आफताब हत्याकांड में मुख्य आरोपी समद गिरफ्तार, रेकी की स्कूटी बरामद, अन्य आरोपियों की तलाश जारी, झारखंड।

