NEWS LAHAR REPROTER
जमशेदपुर, 20 अगस्त 2026: फोटोग्राफर एसोसिएशन ऑफ जमशेदपुर के तत्वावधान में विश्व फोटोग्राफी दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के वरिष्ठ, युवा और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े फोटोग्राफर एक मंच पर जुटे और फोटोग्राफी की कला, रचनात्मकता तथा आधुनिक तकनीक पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सभी शहरवासियों के साथ-साथ फोटोग्राफी के क्षेत्र से जुड़े तमाम साथियों को विश्व फोटोग्राफी दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में आनंद सिंह ने कहा कि फोटोग्राफी केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समय और यादों को हमेशा के लिए सहेजने वाली कला है। कैमरे के माध्यम से भावनाओं और घटनाओं को बिना शब्दों के भी प्रभावशाली ढंग से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर के फोटोग्राफरों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के माध्यम से शहर की पहचान को लगातार मजबूत किया है।
कार्यक्रम के दौरान फोटोग्राफी के क्षेत्र में तेजी से हो रहे तकनीकी बदलावों, आधुनिक कैमरा तकनीक, डिजिटल प्लेटफॉर्म और बदलते दौर में फोटोग्राफरों के सामने आने वाली चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने आपसी सहयोग और संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
समारोह में एसोसिएशन के पदाधिकारी, सदस्य और शहर के बड़ी संख्या में फोटोग्राफर मौजूद रहे। सभी का एक साथ मंच पर जुटना संगठन की एकजुटता और फोटोग्राफी के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक बना।
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने सामूहिक छायांकन कराया। इसके साथ ही धन्यवाद ज्ञापन के बाद समारोह का समापन हुआ। आयोजन ने फोटोग्राफी से जुड़े लोगों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।

