NEWS LAHAR REPORTER
गुवा। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी कड़ी में बुधवार को किरीबुरू के एसडीपीओ विनीत कुमार किंडो ने पुलिस अधिकारियों के साथ गुवा क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान इंस्पेक्टर समीर तिर्की एवं गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने गुवा शिव मंदिर छठ घाट, गुवा बाजार छठ घाट तथा न्यू कॉलोनी छठ घाट का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नदी किनारे स्थित घाटों की स्थिति का जायजा लेते हुए छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का आकलन किया।

पुलिस अधिकारियों का मुख्य उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकना तथा क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना है। प्रशासन की ओर से पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।
गुवा के कुसुम घाट पर होगी भव्य गंगा आरती
इधर, छठ महापर्व को लेकर गुवा के कुसुम घाट पर इस वर्ष विशेष धार्मिक आयोजन की तैयारी की जा रही है। छठ पूजा के अवसर पर कुसुम घाट में भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी पूर्व जिलाध्यक्ष गोविंद पाठक ने दी।
उन्होंने बताया कि छठ महापर्व को लेकर कुसुम घाट पर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। गंगा आरती के आयोजन में बड़ी संख्या में छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। आरती के दौरान पूरा घाट भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहेगा।
गोविंद पाठक ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से कुसुम घाट पहुंचकर गंगा आरती में शामिल होने की अपील की है। साथ ही उन्होंने सभी लोगों से आपसी भाईचारे, श्रद्धा एवं सौहार्द के साथ छठ महापर्व मनाने का आग्रह किया।
पुलिस प्रशासन की सक्रियता और कुसुम घाट पर प्रस्तावित गंगा आरती के आयोजन से इस बार गुवा में छठ महापर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

