जमशेदपुर: झारखंड के औद्योगिक शहर जमशेदपुर के छोटा गोविंदपुर स्थित चांदनी चौक के पास मौजूद State Bank of India (एसबीआई) की शाखा में बुधवार शाम अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। बैंक परिसर से धुआं उठता देख आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत प्रशासन और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही Tata Motors की फायर ब्रिगेड टीम और झारखंड अग्निशमन विभाग की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
खबर लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी, हालांकि राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी था। एहतियातन आसपास की दुकानों को खाली करा लिया गया है और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। आग से हुए नुकसान का आकलन फिलहाल नहीं हो सका है।

