NEWS LAHAR REPORTER
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी की जिला राजनीतिक मामलों की समिति (डीपीएसी) की छठी बैठक जमशेदपुर परिसदन के कॉन्फ्रेंस हॉल में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने की। इसमें लोकसभा प्रभारी सतीश पाल मुंजनी और जिला प्रभारी शशिभूषण राय की मौजूदगी में जिले के राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में डीपीएसी सदस्य संजय सिंह आजाद ने विभिन्न विषयों से जुड़े प्रस्ताव रखे। पंचायत चुनाव 2027 की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने, जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में ग्राम पंचायत चुनाव के 231 मुखिया पद, 27 जिला परिषद सदस्य, 274 पंचायत समिति सदस्य और 2740 वार्ड सदस्य पदों के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं के चयन पर चर्चा हुई। इसके अलावा छह विधानसभा क्षेत्रों में चौपाल आयोजित कर आम लोगों की समस्याएं जुटाने और उनके समाधान के लिए आंदोलन की रणनीति बनाने पर सहमति बनी।
पार्टी की ओर से छह विधानसभा स्तरीय सम्मेलन और लोकसभा स्तर पर जनसभा व रैली आयोजित करने के लिए कार्यक्रम तय करने का निर्णय लिया गया। जिला, प्रखंड, मंडल और विभिन्न मंच-मोर्चा संगठनों को मजबूत करने के साथ एसआईआर कार्य में बीएलए-2 की सक्रियता बढ़ाने तथा एआईसीसी और पीसीसी के निर्देश पर होने वाले आंदोलनों को सफल बनाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। संगठन में अनुशासन बनाए रखने के लिए अनुशासन समिति गठित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में बागबेड़ा ग्रामीण वृहत जलापूर्ति योजना के लंबित कार्य को लेकर जनजागरण अभियान चलाने और आम लोगों को साथ लेकर आंदोलन करने का प्रस्ताव प्रमुखता से रखा गया। महंगाई, चीनी-प्याज की कीमत, ई20 पेट्रोल, यूपीआई लेनदेन पर प्रस्तावित शुल्क, महंगी शिक्षा और बढ़ते नशे के खिलाफ नुक्कड़ सभाएं आयोजित करने पर भी चर्चा हुई।
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने बागबेड़ा जलापूर्ति योजना के मुद्दे पर आंदोलन को प्राथमिकता देने की बात कही। पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने पंचायत चुनाव की तैयारियों और पंचायत स्तर पर जिम्मेदारियां तय करने पर जोर दिया। डॉ. परितोष सिंह ने यात्री ट्रेनों के विलंब के मुद्दे पर आंदोलन की आवश्यकता बताई।
बैठक में बन्ना गुप्ता, डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू, मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता, अशोक चौधरी, रामाश्रय प्रसाद, आनंद बिहारी दुबे, रविंद्र कुमार झा, रियाजुद्दीन खान, संजीव श्रीवास्तव, ब्रजेन्द्र तिवारी, संजय सिंह आजाद, डॉ. परितोष सिंह समेत जिला और प्रदेश कांग्रेस के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
लोकसभा प्रभारी सतीश पाल मुंजनी, जिला प्रभारी शशिभूषण राय और जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने बैठक में मिले सुझावों और लिए गए निर्णयों के लिए सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बैठक में तय कार्यक्रमों को जिला, प्रखंड, मंडल और पंचायत स्तर पर लागू कराया जाएगा। बैठक का संचालन संजय सिंह आजाद ने किया।
