जमशेदपुर : दलमा वन्य जीव अभयारण्य में पर्यटन को नई रफ्तार देने के लिए राज्य पर्यटन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। अब यहां पांच नई जंगल सफारी की सुविधा शुरू कर दी गई है। शनिवार को पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने हरी झंडी दिखाकर इन सफारी वाहनों को रवाना किया। इस मौके पर आसपास के स्कूलों के विद्यार्थियों को भी सफारी कराई गई।
पहले से मौजूद चार सफारी के साथ अब दलमा में कुल नौ जंगल सफारी संचालित होंगी। प्रत्येक सफारी में 10 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। यानी अब एक साथ 90 पर्यटक जंगल भ्रमण का आनंद ले सकेंगे। एक सफारी का किराया ₹2800 निर्धारित किया गया है।
डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि दलमा में हाथियों समेत कई दुर्लभ वन्य जीव पाए जाते हैं, जिन्हें देखने के लिए दूर-दराज से पर्यटक पहुंचते हैं। बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए सफारी की संख्या बढ़ाई गई है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग सुरक्षित तरीके से जंगल की सैर कर सकें।
पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने जानकारी दी कि मकुलाकोचा में 15 और पिंडराबेड़ा गांव के पास 15 कॉटेज बनाए जाएंगे। इन कॉटेज में पर्यटकों के ठहरने की सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
डीएफओ के अनुसार, कॉटेज का डिजाइन तिकोना और दो मंजिला होगा। नीचे पैंट्री, बैठक व सभागार और ऊपर बेडरूम की व्यवस्था रहेगी, ताकि सैलानी आरामदायक प्रवास का अनुभव ले सकें। कम खर्च में बेहतर आवास सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।
पर्यटन विभाग की इस पहल से दलमा क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है।

