NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: झारखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में शामिल दलमा वन्यजीव अभयारण्य में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। रविवार को मकुलाकोचा स्थित नवनिर्मित अत्याधुनिक इको रेस्ट हाउस का उद्घाटन राज्य के पर्यटन मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने विधिवत पूजा-अर्चना और गुब्बारे उड़ाकर किया। उद्घाटन के साथ ही यह इको रेस्ट हाउस पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है।
इस अवसर पर ईचागढ़ की विधायक सविता महतो, घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन, सरायकेला के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक, दलमा के डीएफओ सबा आलम अंसारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने पौधारोपण किया और स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
3,500 रुपये में ठहरने की सुविधा, नाश्ता भी शामिल
मकुलाकोचा इको रेस्ट हाउस में ठहरने के लिए एक दिन का किराया 3,500 रुपये निर्धारित किया गया है। इस शुल्क में नाश्ता भी शामिल रहेगा। पर्यटक दलमा वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी और झारखंड पर्यटन विकास निगम (JTDC) की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।
रेस्ट हाउस को प्राकृतिक वातावरण के अनुरूप विकसित किया गया है। यहां आकर्षक फाउंटेन, गजीबो, कैफेटेरिया और हरियाली से घिरा शांत वातावरण पर्यटकों को विशेष अनुभव प्रदान करेगा।
11 करोड़ की लागत से तैयार हो रहे दो आधुनिक रेस्ट हाउस
पर्यटन मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने बताया कि लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से मकुलाकोचा और दलमा टॉप (पिंडराबेड़ा) में 15-15 कमरों वाले दो आधुनिक इको रेस्ट हाउस विकसित किए जा रहे हैं। पिंडराबेड़ा में बन रहा ‘हैंगिंग रेस्ट हाउस’ निर्माण के अंतिम चरण में है। इसका एक हिस्सा पहाड़ से बाहर निकला हुआ होगा, जिससे पर्यटकों को रोमांचक अनुभव मिलेगा।
स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार
दलमा के डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य केवल पर्यटन को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराना है। रेस्ट हाउस के संचालन की जिम्मेदारी स्थानीय वन समिति को सौंपी गई है। इसके लिए 30 स्थानीय युवाओं को कोलकाता के प्रतिष्ठित होटलों में विशेष प्रशिक्षण दिलाया गया है, ताकि वे पेशेवर तरीके से पर्यटकों को बेहतर सेवाएं प्रदान कर सकें।
दलमा मकुलाकोचा इको रेस्ट हाउस शुरू, ऑनलाइन बुकिंग उपलब्ध, पर्यटन बढ़ेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

