जमशेदपुर : मानगो के उलीडीह ओपी क्षेत्र स्थित लक्ष्मण नगर काली मंदिर के पास एक युवक पर देसी कट्टा की बट से हमला करने वाले दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो आरोपियों आकाश गिरी और अनीश रजक को धर दबोचा, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी लक्ष्मण नगर रोड नंबर 6 के रहने वाले हैं और पहले से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। अनीश रजक के खिलाफ मानगो थाने में एक मामला दर्ज है, वहीं आकाश कुमार गिरी पर भी पूर्व में केस दर्ज हो चुका है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने इनके पास से एक दोनाली देसी कट्टा और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों कुख्यात अपराधी उमेश पांडे उर्फ गुड्डू पांडे के गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं और इलाके में दहशत फैलाने का काम करते थे।
पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। फरार तीसरे बदमाश की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

