News Lahar Reporter:
Jamshedpur : झारखंड की औद्योगिक राजधानी जमशेदपुर के धतकीडीह तालाब में गुरुवार सुबह एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां सैकड़ों मछलियां मृत पाई गईं। बेल्डीह गोल्फ कोर्स के पास स्थित इस तालाब में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में मछलियों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, तालाब में मृत मिली मछलियों का वजन करीब 5 से 8 किलो तक है, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है। अचानक इतनी बड़ी संख्या में मछलियों की मौत कैसे हुई, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि संभवतः तालाब के पानी में ऑक्सीजन की कमी या किसी प्रकार का प्रदूषण इसकी वजह हो सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना के बाद क्षेत्र के लोग आक्रोशित हैं और प्रशासन से जल्द जांच कराने की मांग कर रहे हैं।
वहीं तालाब की देखरेख से जुड़े एंगलिंग क्लब के सदस्य इस मामले में कुछ भी कहने से बच रहे हैं। सफाई कर्मियों ने भी कोई ठोस जानकारी नहीं दी है। इस घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जिससे लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है।
अब तक प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

