NEWS LAHAR REPORTER
जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी ने विधि-विधान से नारियल फोड़कर और फीता काटकर किया उद्घाटन, वर्ष 2019 में हुआ था दोनों भवनों का निर्माण
गुवा, संवाददाता। दीपावली के पावन अवसर पर गुवा पूर्वी एवं पश्चिमी पंचायत के ग्रामीणों को बड़ी सौगात मिली। वर्षों से बनकर तैयार पंचायत भवनों का आखिरकार विधिवत उद्घाटन कर दिया गया। नोवामुंडी भाग-1 की जिला परिषद सदस्य सुश्री देवकी कुमारी ने पूरे विधि-विधान के साथ नारियल फोड़कर एवं फीता काटकर दोनों पंचायत भवनों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार, गुवा पूर्वी एवं पश्चिमी पंचायत भवनों का निर्माण वर्ष 2019 में ही कराया गया था। हालांकि, विभिन्न कारणों से इन दोनों भवनों का औपचारिक उद्घाटन नहीं हो पाया था। लंबे समय से उद्घाटन की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीणों के लिए दीपावली का यह अवसर खास बन गया। पश्चिमी पंचायत की मुखिया पद्मिनी लागुरी एवं पूर्वी पंचायत की मुखिया चांदमनी लागुरी की अध्यक्षता में उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया।
इस मौके पर जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी ने दोनों पंचायत भवनों के शुरू होने पर प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कहा कि पंचायत भवन ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र होते हैं। इनके माध्यम से ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं, प्रमाण पत्रों एवं अन्य विकास कार्यों से संबंधित सुविधाएं प्राप्त करने में सहूलियत होगी।
ग्रामीणों को पंचायत संबंधी कार्यों में मिलेगी राहत
दोनों पंचायत भवनों के उद्घाटन से गुवा पूर्वी एवं पश्चिमी पंचायत के ग्रामीणों को अब पंचायत से जुड़े कार्यों के निष्पादन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों को अपनी समस्याओं और जरूरी कार्यों के लिए इधर-उधर भटकने की परेशानी से राहत मिल सकेगी। पंचायत स्तर पर प्रशासनिक गतिविधियों को भी सुचारू रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में रोजगार सेवक कीर्तिधर महतो, वार्ड सदस्य बेलमती केवर्त, अंजली चाम्पिया, शबनम कांडुलना, सुमित्रा पूर्ति, नीलिमा देवी, राहिल पूर्ति, मारग्रेट सिरका, सरिता सिद्धू, सुनीता समद, तपास दास एवं अल्बाट डहांगा सहित काफी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण उपस्थित थे। समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

