NEWS LAHAR REPORTER
सरायकेला, संवाददाता। रोशनी के महापर्व दीपावली को लेकर सरायकेला शहर में उत्साह और उमंग का माहौल है। शहर के मुख्य बाजारों से लेकर गली-मोहल्लों तक दीपावली की रौनक देखते ही बन रही है। बाजारों में सजे मिट्टी के दीये, रंग-बिरंगे घरौंदे, गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां और आकर्षक पटाखों की दुकानों ने त्योहार की चमक को और बढ़ा दिया है। खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
दीपावली को लेकर इस बार पारंपरिक मिट्टी के दीयों की मांग भी देखने को मिल रही है। बाजारों में स्थानीय कुम्हारों द्वारा तैयार किए गए छोटे-बड़े दीये, आकर्षक डिजाइन वाले दीपक और रंगीन घरौंदे लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। कई लोग चाइनीज इलेक्ट्रिक लाइटों के बजाय पारंपरिक मिट्टी के दीयों को प्राथमिकता दे रहे हैं। इससे स्थानीय कुम्हारों और छोटे दुकानदारों में बेहतर कारोबार की उम्मीद जगी है।

पटाखा बाजार में भी दिख रही रौनक
दीपावली के उत्साह के बीच सरायकेला का पटाखा बाजार भी पूरी तरह सज चुका है। विभिन्न दुकानों पर फूलझड़ी, अनार, चकरी, रॉकेट और रंग-बिरंगे फैंसी पटाखे उपलब्ध हैं। बच्चों और युवाओं में पटाखों की खरीदारी को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है। शाम होते ही बाजारों में खरीदारों की भीड़ बढ़ जा रही है। दुकानदार भी इस बार अच्छे कारोबार की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
धनतेरस के कारोबार से व्यापारियों में उत्साह
धनतेरस के अवसर पर भी सरायकेला के मुख्य बाजार में जबरदस्त चहल-पहल रही। खरीदारी को लेकर लोगों में खास उत्साह देखने को मिला। बाजार में हुए अच्छे कारोबार से व्यापारियों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। कुल मिलाकर दीपावली को लेकर सरायकेला में उत्सव का माहौल चरम पर है। घरों की सजावट से लेकर पूजा सामग्री और मिठाइयों की खरीदारी तक, हर तरफ रोशनी के इस पर्व की तैयारी दिखाई दे रही है।

