News Lahar Reporter
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें स्कूटर सवार व्यक्ति की जान चली गई। घटना सीएच एरिया स्थित सर्किट हाउस के पास की है, जहां तेज रफ्तार में जा रहा स्कूटर अचानक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से जा टकराया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटर चला रहे व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस की रात्रि गश्ती टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान उनकी जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर बलिराम रजक के रूप में हुई है। आधार कार्ड के अनुसार उनके पिता का नाम राम प्रसाद रजक है और वे सोनारी के रामनगर के रहने वाले थे। उनकी उम्र करीब 55 वर्ष बताई जा रही है।
घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। बिष्टुपुर थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

