NEWS LAHAR REPORTER
बिहार और झारखंड के 52 विश्वविद्यालयों के NSS प्रतिनिधियों ने साझा किए अनुभव और कार्यप्रणालियां
जमशेदपुर। माननीय कुलपति प्रो. इला कुमार के मार्गदर्शन में जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि दो दिवसीय राज्य स्तरीय राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) सम्मेलन-2026 में शामिल हुए। सम्मेलन का आयोजन 21 और 22 सितंबर 2026 को एसएस कॉलेज, पटना में राष्ट्रीय सेवा योजना क्षेत्रीय निदेशालय, पटना, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा MY Bharat के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
सम्मेलन का उद्घाटन ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने किया। इस अवसर पर एनएसएस के क्षेत्रीय निदेशक विनय कुमार, एसएस कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रत्ना अमृत, विभाग के निदेशक विकास कुमार तथा पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. अबु बकर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि एनएसएस युवाओं में सेवा भावना, सामाजिक संवेदनशीलता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान, ‘एक पेड़ मां के नाम’, जल-जीवन-हरियाली समेत विभिन्न सामाजिक अभियानों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
52 विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
सम्मेलन में बिहार के 30 विश्वविद्यालयों और झारखंड के 22 विश्वविद्यालयों से एनएसएस के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इस दौरान दोनों राज्यों में एनएसएस के माध्यम से संचालित विभिन्न सामाजिक, सामुदायिक और युवा-केंद्रित गतिविधियों, उपलब्धियों तथा उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों को साझा किया गया।
सम्मेलन के पहले दिन ‘State Wise NSS PPT Presentation’ के माध्यम से बिहार और झारखंड में एनएसएस की गतिविधियों तथा उत्कृष्ट कार्यों की प्रस्तुति दी गई। इसके अलावा New Age Volunteerism, जमीनी स्तर पर एनएसएस गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन और समूह कार्य जैसे विषयों पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए गए।
जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की ओर से एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. डी. पुष्प लता ने विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया और सम्मेलन में विश्वविद्यालय की एनएसएस गतिविधियों एवं अनुभवों को साझा किया।
‘Viksit Bharat @2047’ में युवाओं की भूमिका पर चर्चा
सम्मेलन के दूसरे दिन ‘Viksit Bharat @2047 में NSS Youth की भूमिका – Not Me, But You से Nation First तक’, ‘Role of Youth in Viksit Bharat @2047’ तथा PFMS & TSA Hybrid Model जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए गए।
इस दौरान विभिन्न समूहों ने एनएसएस से जुड़े विषयों पर प्रस्तुतियां दीं। साथ ही जमीनी स्तर पर एनएसएस की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव एवं कार्ययोजनाएं भी साझा की गईं।
प्रमाण-पत्र वितरण के साथ हुआ समापन
दो दिवसीय सम्मेलन का समापन प्रमाण-पत्र वितरण, समूह फोटो और प्रतिभागियों के बीच विचारों के अनौपचारिक आदान-प्रदान के साथ हुआ। सम्मेलन ने बिहार और झारखंड के विभिन्न विश्वविद्यालयों के एनएसएस पदाधिकारियों, कार्यक्रम अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों को एक साझा मंच प्रदान किया, जहां उन्होंने अपने अनुभव, नवाचार और कार्यप्रणालियां साझा कीं।
जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की सहभागिता से विश्वविद्यालय की एनएसएस गतिविधियों को व्यापक मंच मिला और दोनों राज्यों के विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों के साथ अनुभवों के आदान-प्रदान का अवसर भी प्राप्त हुआ।
