News Lahar Reporter
जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित रापचा डैम में एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। शनिवार को डैम में एक शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि शव पानी में डूबा हुआ था और कुछ समय बाद ऊपर आने पर स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और मामले की जांच में जुट गई है।
प्राथमिक तौर पर यह मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

