NEWS LAHAR REPORTER
नीमडीह सीएचसी के लैब टेक्नीशियन पर गंभीर आरोप, महिला ने अधिकारियों से की कार्रवाई की मांग
चांडिल। नीमडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के लैब टेक्नीशियन सुनील कुमार राम पर एक गर्भवती महिला से रक्त जांच के नाम पर 500 रुपये लेने और कथित रूप से गलत HIV रिपोर्ट देने का गंभीर आरोप लगा है। महकमडीह निवासी मनी गोप ने इस संबंध में बीडीओ, उपायुक्त और चांडिल एसडीओ को लिखित आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
महिला का आरोप है कि 3 सितंबर को सीएचसी में रक्त जांच के दौरान उससे 500 रुपये लिए गए। आवेदन में उसने यह भी आरोप लगाया है कि जांच के दौरान उसे डराया-धमकाया गया। इसके बाद जारी रिपोर्ट में उसे HIV पॉजिटिव बताया गया।
MGM में दोबारा जांच पर रिपोर्ट निगेटिव
महिला के अनुसार, HIV पॉजिटिव रिपोर्ट मिलने के बाद वह काफी परेशान हो गई। इसके बाद उसने एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर में दोबारा जांच कराई। महिला का दावा है कि वहां की जांच रिपोर्ट HIV निगेटिव आई।
दोनों रिपोर्ट में अंतर सामने आने के बाद महिला ने सीएचसी में हुई जांच की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है।
टेक्नीशियन की योग्यता की जांच की मांग
पीड़िता ने अधिकारियों को दिए आवेदन में मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ-साथ संबंधित लैब टेक्नीशियन की शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी प्रमाणपत्र और डिग्री की भी जांच कराने की मांग की है। महिला का कहना है कि HIV जैसी गंभीर बीमारी से जुड़ी जांच रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की लापरवाही मरीज और उसके परिवार के लिए गंभीर मानसिक एवं सामाजिक परेशानी का कारण बन सकती है।
महिला ने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, टेक्नीशियन की ओर से लगाए गए आरोपों पर तत्काल कोई पक्ष सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

