NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : गोलमुरी स्थित केनरा बैंक की शाखा में गुरुवार सुबह हुई हथियारबंद लूट के बाद बैंक के ग्राहकों में चिंता बढ़ गई। लूट की सूचना मिलने के बाद कई ग्राहक बैंक पहुंचे और अपने खाते, जमा रकम तथा लॉकर में रखे कीमती सामान की सुरक्षा के संबंध में जानकारी ली। राहत की बात यह है कि लॉकर में रखा ग्राहकों का सोना सुरक्षित बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे हथियारबंद लुटेरे बैंक में घुसे और गार्ड, मैनेजर समेत कर्मचारियों को बंधक बना लिया। इसके बाद लुटेरों ने कैश बॉक्स से करीब 43 लाख रुपये अपने कब्जे में ले लिए। बताया जा रहा है कि बैंक में ग्राहकों द्वारा गिरवी रखा गया सोना भी लुटेरे साथ ले गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बैंक परिसर की जांच शुरू की। बैंक मैनेजर और कर्मचारियों से पूछताछ कर लूट की पूरी घटना की जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी हासिल की है। फुटेज के आधार पर लुटेरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
लूट की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जमशेदपुर से बाहर निकलने वाले प्रमुख रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी है। संभावित एग्जिट रूट पर वाहनों की जांच भी की जा रही है।
लॉकर को लेकर ग्राहकों की बढ़ी चिंता
बैंक में लूट की खबर फैलने के बाद लॉकर रखने वाले ग्राहक भी बैंक पहुंचने लगे। ग्राहक यह जानना चाहते थे कि लूट की घटना का लॉकर और उसमें रखे उनके सोने व अन्य कीमती सामान पर कोई असर पड़ा है या नहीं।
बताया जा रहा है कि लुटेरों ने बैंक के लॉकर को नहीं तोड़ा और उसमें रखा ग्राहकों का सोना सुरक्षित है। हालांकि बैंक में गिरवी रखा गया सोना लूटे जाने की जानकारी सामने आने के बाद ग्राहकों की चिंता बढ़ गई है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर लुटेरों की तलाश में जुटी है। बैंक प्रबंधन की ओर से भी ग्राहकों को लॉकर और अन्य बैंकिंग सेवाओं की स्थिति के संबंध में जानकारी दी जा रही है।

