NEWS LAHAR REPORTER
गुवा। गुवा बैंक मोड़ के समीप स्थित राकेश झा स्टोर में सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर दुकान के पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुए और दो गल्लों में रखे करीब 10 से 12 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन समेत अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए।
दुकान संचालक राकेश कुमार झा के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले दुकान के सामने लगे ताले को तोड़कर अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया। जब ताला नहीं टूटा तो चोरों ने दुकान के पीछे की खिड़की तोड़ दी और उसी रास्ते दुकान के अंदर घुस गए।
दुकान में प्रवेश करने के बाद चोरों ने दोनों गल्लों में रखी नकदी निकाल ली। इसके अलावा एक स्मार्टफोन और एक छोटा मोबाइल फोन भी चोरी कर लिया। चोर दुकान में रखी ठंडी बोतलों समेत अन्य जरूरी सामान भी अपने साथ ले गए। चोरी के दौरान दुकान के अंदर सामान इधर-उधर बिखरा हुआ मिला।
मंगलवार की सुबह जब राकेश कुमार झा दुकान खोलने पहुंचे तो पीछे की खिड़की टूटी हुई देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। दुकान के अंदर जाकर जांच करने पर दोनों गल्लों से नकदी गायब मिली। मोबाइल फोन और अन्य सामान भी नहीं मिले।
इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी और गुवा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच की जा रही है। पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

