NEWS LAHAR REPORTER
गुवा। पश्चिमी सिंहभूम जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन मंगलवार देर शाम गुवा पहुंचीं। यहां झारखंड मजदूर यूनियन के महामंत्री हेमराज सोनार एवं यूनियन के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने महिलाओं और ठेका मजदूरों के साथ बैठक कर झारखंड सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं स्वरोजगार योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन ने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी को देखते हुए झारखंड सरकार महिलाओं और मजदूरों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न स्वरोजगार योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं के लिए पंजीकरण कराने की अपील की।
उन्होंने बताया कि इच्छुक महिलाओं को नर्सिंग, किराना दुकान, आरओ वाटर प्लांट, सिलाई-बुनाई समेत विभिन्न घरेलू एवं लघु उद्योगों के लिए प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाता है। व्यवसाय शुरू करने की इच्छुक महिलाओं को बैंक के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने में भी सहयोग किया जाएगा, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
ठेका मजदूरों को संबोधित करते हुए उन्होंने ई-श्रम कार्ड के लिए पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि ई-श्रम कार्ड के माध्यम से श्रमिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिल सकती है।
सड़क दुर्घटनाओं के मामलों पर उन्होंने कहा कि दुर्घटना में मृत्यु होने पर मुआवजा प्राप्त करने के लिए पोस्टमार्टम की प्रक्रिया महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम करने के बजाय कानूनी प्रक्रिया के तहत अपनी मांग रखने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में लक्ष्मी सुरेन ने झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के यूनियन कार्यालय में बैठक की। बैठक में महिलाओं और ठेका मजदूरों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया एवं आवश्यक जानकारी साझा की गई।
मौके पर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे, पदमा केसरी, झारखंड मजदूर यूनियन के महामंत्री हेमराज सोनार, पूर्व मुखिया कपिलेश्वर डोंगो समेत काफी संख्या में ठेका मजदूर एवं महिलाएं उपस्थित थीं।

