गुवा संवाददाता। गुवा रेलवे स्टेशन परिसर में शनिवार देर रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब स्टेशन के पैनल रूम में एक विशाल अजगर सांप दिखाई दिया।रात करीब 12 बजे ड्यूटी पर मौजूद रेलवे कर्मचारियों की नजर जैसे ही अजगर पर पड़ी, पूरे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। हालांकि कर्मचारियों ने घबराने के बजाय सूझबूझ और धैर्य का परिचय देते हुए स्थिति को संभाला।बताया जाता है कि काफी मशक्कत के बाद रेलवे कर्मचारियों ने सावधानीपूर्वक अजगर को पैनल रूम से बाहर निकाला।इसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से एक बड़े टीन के डब्बे में बंद कर रखा गया, ताकि किसी कर्मचारी या यात्री को कोई नुकसान न पहुंचे।

घटना की जानकारी तत्काल गुवा वन विभाग को दी गई।सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक सुरक्षा उपायों के बीच अजगर को अपने कब्जे में लिया।वनकर्मियों ने बताया कि यह अजगर जहरीला नहीं था, लेकिन उसका आकार काफी बड़ा होने के कारण लोगों में भय का माहौल बन गया था।रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद वन विभाग की टीम अजगर को सुरक्षित रूप से सारंडा के जंगल में ले गई और प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया।इस घटना के दौरान किसी भी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।रेलवे कर्मचारियों की तत्परता और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।स्थानीय लोगों ने रेलवे कर्मचारियों और वन विभाग की टीम की सूझबूझ एवं तत्परता की सराहना की।विशेषज्ञों का कहना है कि बरसात के मौसम में जंगलों से निकलकर सांप आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं, इसलिए ऐसे मामलों में घबराने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना देना ही सबसे सुरक्षित और उचित कदम है।

