NEWS LAHAR REPORTER
### रेलवे के फैसले के खिलाफ लामबंद हुआ सिख समाज, सांसद ने दिया समर्थन का भरोसा; 5 अक्टूबर को एजीएम और 7 अक्टूबर को डीआरएम से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
*जमशेदपुर, 4 अक्टूबर।* टाटानगर से चलने वाली *टाटा-अमृतसर टाटा जालियांवाला बाग एक्सप्रेस (18103-18104)* को कोहरे का हवाला देकर लगातार पांचवें सीजन में *2 दिसंबर से 28 फरवरी तक रद्द किए जाने के निर्णय* के खिलाफ जमशेदपुर का सिख समाज लामबंद हो गया है। रविवार को साकची स्थित *सेंट्रल गुरुद्वारा कमेटी (सीजीपीसी)* कार्यालय में आयोजित आपात सर्वदलीय बैठक में रेलवे के फैसले का जोरदार विरोध किया गया।
बैठक में सिख समाज के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने एक स्वर में ट्रेन का परिचालन बंद करने के निर्णय को वापस लेने की मांग की और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी।
वक्ताओं ने सवाल उठाया कि अगर कोहरा ही ट्रेन रद्द करने का आधार है तो लंबी दूरी की अन्य ट्रेनों के परिचालन पर समान प्रभाव क्यों नहीं पड़ता। सीजीपीसी महासचिव *अमरजीत सिंह गुरचरण सिंह बिल्ला* ने कहा कि सिख समाज की भावनाओं को देखते हुए रेलवे को मौजूदा ट्रेन बंद करने के बजाय अतिरिक्त ट्रेन चलाने पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सप्ताह में केवल दो दिन चलने वाली ट्रेन को भी बंद करना यात्रियों के लिए गंभीर समस्या पैदा करेगा।
## ‘सिखों के साथ पक्षपात अब बर्दाश्त से बाहर’ : भगवान सिंह
आपात बैठक को संबोधित करते हुए सीजीपीसी प्रधान *सरदार भगवान सिंह* ने कहा कि रेलवे द्वारा सिख समाज के साथ बार-बार कथित तौर पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने समाज को एकजुट होकर रेलवे के निर्णय के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि रेलवे अपना फैसला वापस नहीं लेता है तो *धरना-प्रदर्शन सहित आंदोलन के विभिन्न चरणों* का सहारा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन की स्थिति में वे स्वयं सबसे आगे रहेंगे और जेल जाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
## 5 अक्टूबर को एजीएम और 7 अक्टूबर को डीआरएम से मुलाकात
सीजीपीसी चेयरमैन *सरदार शैलेन्द्र सिंह* ने बताया कि सांसद *विद्युत वरण महतो* ने दूरभाष पर समाज को समर्थन का भरोसा दिया है और रेल मंत्री से इस मुद्दे पर बातचीत करने का आश्वासन दिया है।
उन्होंने बताया कि *5 अक्टूबर को टाटानगर दौरे पर आने वाले दक्षिण पूर्व रेलवे के उप महाप्रबंधक मनीष जैन* से प्रतिनिधिमंडल मुलाकात कर ट्रेन के परिचालन को जारी रखने की मांग करेगा।
इसके बाद *7 अक्टूबर को चक्रधरपुर मंडल मुख्यालय में डीआरएम तरुण हुरिया* से प्रतिनिधिमंडल मुलाकात करेगा। उन्होंने बताया कि उस दिन सुबह नौ बजे सीजीपीसी कार्यालय से समाज के लोग एकजुट होकर रवाना होंगे।
शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि बातचीत के बावजूद यदि रेलवे अपने निर्णय को वापस नहीं लेता है तो दुर्गापूजा के बाद आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। पहले धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और इसके बाद भी समाधान नहीं होने पर रेल परिचालन बाधित करने जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाने की चेतावनी दी गई।
## विभिन्न दलों ने दिया समर्थन
बैठक में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष *परविंदर सिंह* ने भी ट्रेन रद्द किए जाने के फैसले का विरोध किया और कांग्रेस की ओर से आंदोलन को समर्थन देने की बात कही।
बैठक में भाजपा नेता एवं रंगरेटा महासभा के अध्यक्ष *मनजीत सिंह गिल, जदयू महासचिव **कुलविंदर सिंह पन्नू*, गौतम बोस, निर्मल दास, राजकुमार दास समेत विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने सीजीपीसी के आंदोलन में सहयोग करने और मांग पूरी होने तक साथ खड़े रहने की बात कही।
बैठक की शुरुआत गुरु चरणों में अरदास के साथ हुई। बैठक में विभिन्न गुरुद्वारा कमेटियों, केंद्रीय नौजवान सभा और केंद्रीय सिख स्त्री सत्संग सभा के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
### ये रहे मौजूद
बैठक में सीजीपीसी के वरीय उपाध्यक्ष *नरेंद्र पाल सिंह*, सुरजीत सिंह खुशीपुर, सुखविंदर सिंह राजू, चंचल सिंह, हरविंदर सिंह मंटू, कोषाध्यक्ष गुरनाम सिंह बेदी, जोगिंदर सिंह जोगी, अजीत गंभीर, गुरदीप सिंह, सुखदेव सिंह बिट्टू, सरबजीत ग्रेवाल, सुरेंद्र सिंह शिंदे, इंद्रजीत सिंह, जसवंत सिंह भोम, सत्य सिंह, इंद्रजीत सिंह इंदर, पाठी राजवीर सिंह, गुरबचन सिंह राजू, राजू पांडे समेत विभिन्न गुरुद्वारा कमेटियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
केंद्रीय नौजवान सभा के महासचिव *सुखवंत सिंह सुक्कू, रणजीत सिंह, केंद्रीय सिख स्त्री सत्संग सभा की प्रधान **रविंदर कौर, संरक्षक **दलबीर कौर, महासचिव **परमजीत कौर*, रजी कौर, किरण कौर समेत अन्य सदस्य भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक का संचालन *अमरजीत सिंह धनबाद* ने किया, जबकि ज्ञापन संबंधी समन्वय की जिम्मेदारी सलाहकार *परविंदर सिंह सोहल* ने संभाली।

