NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर। बोनस समझौते के बाद टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह का शनिवार को टाटा मोटर्स के इंजन डिवीजन, प्लांट वन और फाइव थाउजेंड विभाग में कर्मचारियों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कर्मचारियों ने अंगवस्त्र, फूलों के गुलदस्ते और पगड़ी पहनाकर यूनियन नेताओं का अभिनंदन किया।
शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे इंजन डिवीजन में आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। डिवीजन के कर्मचारियों के साथ-साथ ट्रेनिंग ले रहे प्रशिक्षुओं ने भी अध्यक्ष और महामंत्री का स्वागत किया।
अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने कर्मचारियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि कर्मचारियों का स्नेह, प्यार और एकजुटता यूनियन को मजदूर हित में फैसले लेने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि संशय के बीच भी बोनस समझौते में बेहतर परिणाम सामने आया है। आने वाले दिनों में मजदूर हित में इससे भी बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं, लेकिन इसके लिए कर्मचारियों की एकता बनाए रखना जरूरी है।
वहीं महामंत्री आरके सिंह ने बोनस समझौते की बारीकियों को कर्मचारियों के सामने रखा। उन्होंने कहा कि टाटा मोटर्स के करीब 8 हजार कर्मचारियों को बोनस का लाभ दिलाने के साथ-साथ नए युवाओं के लिए कंपनी में प्रवेश का रास्ता भी तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी कर्मचारियों के हित में नए रास्ते बनाए जाएंगे, बशर्ते सभी कर्मचारी एकजुट होकर यूनियन के साथ खड़े रहें।
महामंत्री ने पूर्व के नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कर्मचारियों को भ्रमित करने वाले लोगों से सावधान रहने और वर्तमान नेतृत्व पर भरोसा रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान यूनियन ने मजदूर हित में कई ऐसे समझौते किए हैं, जिससे भविष्य में किसी कर्मचारी के साथ अनहोनी होने पर उसके परिवार को सुविधाओं के लिए किसी नेता के यहां चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि सिस्टम के तहत संबंधित सुविधाएं स्वतः उपलब्ध होंगी।
आरके सिंह ने कहा कि आने वाले समय में बोनस का प्रतिशत और बढ़ेगा, इसमें कोई दो राय नहीं है। उन्होंने कर्मचारियों से कंपनी के आगामी लक्ष्यों को पूरा करने में सहयोग की अपील की। कहा कि सुरक्षा और गुणवत्ता को प्राथमिकता देते हुए कंपनी के टारगेट को हासिल करना होगा, तभी प्रबंधन के समक्ष मजदूरों की उचित और जायज मांगों को मजबूती के साथ रखा जा सकेगा।
इंजन डिवीजन के कार्यक्रम का संचालन उत्तम गुहा ने किया, जबकि स्वागत भाषण सीके सिंह ने दिया। कार्यक्रम में प्रबंधन के वरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
इसके बाद प्लांट वन में भी अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह का कर्मचारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। यहां भारी संख्या में मजदूर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अली राजा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन लखन पाल सिंह ने किया।
इसके बाद फाइव थाउजेंड विभाग में भी यूनियन के दोनों शीर्ष पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। यहां कर्मचारियों ने पगड़ी पहनाकर अध्यक्ष और महामंत्री का अभिनंदन किया। समारोह के दौरान कर्मचारियों में बोनस समझौते को लेकर उत्साह देखने को मिला और यूनियन नेतृत्व के प्रति समर्थन जताया गया।

