जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के आदर्श नगर की रहने वाली 18 वर्षीय युवती तमन्ना सिंह को पुलिस ने 8 दिनों बाद सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। युवती 28 फरवरी 2026 को घर से शूटिंग करने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी, जिसके बाद परिवार वालों की चिंता बढ़ गई।
परिजनों ने युवती की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर इस संबंध में सोनारी थाना में 6 मार्च को सन्हा दर्ज कराया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तकनीकी सेल की मदद से युवती की तलाश शुरू की और उसकी मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई।
जांच के दौरान मिली लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी क्षेत्र में छापेमारी की, जहां से युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस उसे थाना लेकर आई और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवती को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया।
युवती के सुरक्षित मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार तमन्ना सिंह सोशल मीडिया पर रील बनाने के साथ-साथ भोजपुरी गीतों पर डांस शूटिंग और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी भाग लेती है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि युवती अपने डांस और इवेंट पार्टनर विक्की कुमार के साथ स्वेच्छा से घूमने गई थी। फिलहाल पूछताछ के बाद पुलिस ने मामले को शांत कर दिया है।

