NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: सोनारी के कागल नगर निवासी अभिषेक कुमार सिंह ने जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर कुम्हारपाड़ा निवासी बजरंग प्रसाद पर 1.80 लाख रुपये का फ्रेंडली लोन वापस नहीं करने और झूठे आरोप लगाकर फंसाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
शिकायत में अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि एक लिखित एग्रीमेंट के आधार पर उन्होंने बजरंग प्रसाद को 1,80,000 रुपये उधार दिए थे। समझौते के अनुसार, पूरी राशि लौटाने तक उधारकर्ता को प्रतिमाह 10 प्रतिशत मुआवजा देना था। आरोप है कि कुछ समय बाद मुआवजा देना बंद कर दिया गया और बार-बार मांगने के बावजूद मूल राशि भी वापस नहीं की गई।
शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उन्होंने पैसे की मांग की तो उन्हें आत्महत्या की धमकी देकर फोन नहीं करने की चेतावनी दी गई। वहीं, घर जाकर पैसे मांगने पर बजरंग प्रसाद और उनके पिता द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
अभिषेक कुमार सिंह के अनुसार, 18 नवंबर 2025 को उन्होंने सोनारी थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद जांच अधिकारी के समक्ष दोनों पक्षों के बीच एक समझौता हुआ, जिसमें बजरंग प्रसाद ने वर्ष 2026 तक पूरी बकाया राशि लौटाने का लिखित आश्वासन दिया था। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया था कि तय समय तक भुगतान नहीं होने पर शिकायतकर्ता कानूनी कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र होंगे।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि हाल ही में जब वह अंतिम बार पैसे मांगने पहुंचे तो बजरंग प्रसाद ने राशि लौटाने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद शिकायतकर्ता को जानकारी मिली कि बजरंग प्रसाद ने एसएसपी कार्यालय में उनके खिलाफ जबरन पैसे मांगने और मारपीट करने की शिकायत दर्ज कराई है।
अभिषेक कुमार सिंह ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि यह शिकायत केवल पैसे लौटाने से बचने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने तथा उनकी बकाया राशि दिलाने की मांग की है।

