NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और हस्तकरघा व कुटीर उद्योग से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से 17 एवं 18 अगस्त 2026 को बिष्टुपुर स्थित चैंबर भवन में “मानसून ट्रेड फेयर-2026” का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय इस मेले में शहर और आसपास की महिला उद्यमी अपने हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री करेंगी।
चैंबर की ओर से आयोजित यह ट्रेड फेयर हर वर्ष दो बार आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य महिलाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपने हुनर को व्यवसाय में बदल सकें और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें। यह आयोजन वर्षों से महिला उद्यमियों के लिए नए अवसरों का माध्यम बनता रहा है।
इस वर्ष आयोजित मेले में राखियां, कुर्तियां, साड़ियां, फैशन ज्वेलरी, चादरें, हस्तनिर्मित मोमबत्तियां, होम डेकोर आइटम, हस्तशिल्प, गिफ्ट आइटम और दैनिक उपयोग की कई आकर्षक वस्तुएं बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा महिला उद्यमी अपने नवाचार और रचनात्मक उत्पाद भी प्रदर्शित करेंगी, जिससे स्थानीय उत्पादों को नया बाजार मिलने की उम्मीद है।
सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि चैंबर का उद्देश्य केवल व्यापार को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है। उन्होंने कहा कि महिला उद्यमिता मजबूत अर्थव्यवस्था की आधारशिला है और चैंबर लगातार महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे मंच उपलब्ध करा रहा है।
उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी ने कहा कि यह ट्रेड फेयर महिला उद्यमियों को अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने का बेहतर अवसर देगा। इससे स्थानीय हस्तकरघा, हस्तशिल्प और कुटीर उद्योग को नई पहचान मिलेगी तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को भी मजबूती मिलेगी।
महासचिव पुनीत कांवटिया ने बताया कि यह आयोजन वर्षों से महिला उद्यमियों के लिए भरोसेमंद मंच साबित हुआ है। यहां उन्हें अपने उत्पादों के विपणन के साथ ग्राहकों से सीधे जुड़ने और नए व्यावसायिक अवसर प्राप्त करने का मौका मिलता है।
सचिव (ट्रेड एंड कॉमर्स) भरत मकानी एवं संयोजक श्रीमती सुमन नागेलिया ने बताया कि मेले के लिए स्टॉल बुकिंग ‘प्रथम आओ, प्रथम पाओ’ के आधार पर जारी है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे 17 और 18 अगस्त को चैंबर भवन पहुंचकर महिला उद्यमियों का उत्साह बढ़ाएं और स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर महिला सशक्तिकरण की इस पहल को सफल बनाएं।

